सिरोल पहाड़ी हरियाली अमावस्या को ओढ़ेगी हरियाली की चादर


कलेक्टर सिंह ने की अंकुर अभियान की समीक्षा, रख-रखाव एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के साथ ही पौधे रोपने के दिए निर्देश

ग्वालियर | 

     शहर की सिरोल पहाड़ी हरियाली अमावस्या (8 अगस्त) को हरीतिमा की चादर ओढ़ेगी। अंकुर अभियान के तहत हरियाली अमावस्या को इस पहाड़ी पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बड़े पैमाने पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जायेंगे। सिरोल पहाड़ी सहित सम्पूर्ण जिले में इस दिन 50 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इस आशय की जानकारी कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई अंकुर अभियान की समीक्षा बैठक में दी गई। ज्ञात हो अंकुर अभियान के तहत जिले में एक लाख पौधे रोपने का लक्ष्य है।
    मंगलवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लक्ष्यपूर्ति से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि जो भी पौधे रोपे जाएं उनके रख-रखाव और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों, जिससे ये पौधे पेड़ बन सकें। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अंकुर अभियान की लक्ष्यपूर्ति के लिए सुनियोजित कार्ययोजना के तहत वृक्षारोपण को अंजाम दें। स्पष्ट जवाबदेही के साथ पौधरोपण का काम किया जाए। उन्होंने पौधे लगाने वाली एजेन्सी व संस्था को दिए गए लक्ष्यपूर्ति की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए।  
    जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री किशोर कान्याल ने बैठक में कहा कि सरकार का पौधों की सुरक्षा पर विशेष जोर है। इसी मकसद से वायुदूत एप पर पंजीयन और पौधरोपण का फोटो अपलोड कराया जा रहा है, जिससे हर पौधे की नियमित रूप से मॉनीटरिंग हो सके। उन्होंने बैठक में  मौजूद विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे वायुदूत एप पर पंजीयन कर पौधे का फोटो जरूर अपलोड करें। साथ ही जब पौधा एक माह का हो जाए तो यह प्रक्रिया पुन: दोहराएँ। छह माह बाद भी पौधे का फोटो अपलोड करना है।
    श्री कान्याल ने बैठक में जानकारी दी कि 7 अगस्त तक जिले में 50 हजार पौधे रोपने की कार्ययोजना बनाई गई है। हरियाली अमावस्या 8 अगस्त को जिलेभर में एक साथ 50 हजार पौधे रोपने का कार्यक्रम बनाया गया है। उन्होंने बैठक में मौजूद प्रतिभागियों से कहा कि 8 अगस्त को होने वाले वृहद पौधरोपण के लिये गड्डे आदि अभी से तैयार कर पौधों का इंतजाम कर लें।
    बैठक में अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री विजय गोयल, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती ऊषा शर्मा व जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला-बाल विकास श्री राजीव सिंह तथा नगर निगम के उद्यान अधिकारी सहित जनअभियान परिषद व अन्य समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
वायुदूत एप पर 9 हजार 330 लोगों ने कराया पंजीयन
    अंकुर अभियान को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिये तैयार किए गए वायुदूत एप पर जिले में  अब तक 9 हजार 330 पर्यावरण प्रेमी अपना पंजीयन करा चुके हैं। साथ ही इनके द्वारा 4 हजार 625 पौधे लगाकर उनके फोटो भी अपलोड किए गए हैं। जिले में 128 पर्यावरण मित्रों ने पौधे लगाने के एक महीने बाद फिर से पौधे का फोटो एप पर अपलोड किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Featured Post

24 अक्टूबर 2024, गुरुवार का पंचांग

*सूर्योदय :-* 06:28 बजे   *सूर्यास्त :-* 17:41 बजे  *विक्रम संवत-2081* शाके-1946  *वी.नि.संवत- 2550*  *सूर्य -* सूर्यदक्षिणायन, उत्तर  गोल  ...