विपदा के समय पीड़ितों को मिले हर संभव सहायता – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

 जिले के तीन मृतकों के परिवारों को संबल योजना के तहत 4 – 4 लाख रूपए की सहायता वितरित

केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया ने खाद्यान्न के तीन ट्रक पीड़ितों को वितरण करने हेतु किए रवाना


ग्वालियर/ केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि अति वर्षा के कारण ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भारी नुकसान हुआ है। इस विपदा में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिये केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार पूरी शिद्दत के साथ कार्य कर रही है। पीड़ितों को भोजन, पानी एवं अन्य सामग्री की आपूर्ति भी शासकीय प्रयासों के साथ-साथ जनभागीदारी से की जा रही है। सिंधिया ने रविवार को प्रात: 8.30 बजे मोतीमहल से खाद्य सामग्री के तीन ट्रक जिले के डबरा एवं भितरवार के ग्रामीण क्षेत्र में प्रभावित लोगों के वितरण हेतु रवाना किए।

    केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अति वर्षा के कारण जो नुकसान हुआ है उसका आंकलन शासन स्तर से किया जा रहा है। हर पीड़ित को मदद उपलब्ध कराने के लिये सरकार कटिबद्ध है।  सिंधिया ने इस मौके पर ग्वालियर जिले में अति वर्षा के कारण तीन लोगों की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को संबल योजना के तहत 4 – 4 लाख रूपए की राहत राशि के चैक भी वितरित किए।
इस मौके पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री  तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा के जिला अध्यक्ष  कमल माखीजानी, ग्रामीण अध्यक्ष  कौशल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि  वेदप्रकाश शर्मा, पूर्व विधायक  मुन्नालाल गोयल, पूर्व विधायक  मदन कुशवाह,  मोहन सिंह राठौर, संभागीय आयुक्त  आशीष सक्सेना, आईजी ग्वालियर  अविनाश शर्मा, कलेक्टर  कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक  अमित सांघी सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
केन्द्रीय मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमाण्ड सेंटर में स्मार्ट सिटी के द्वारा ग्वालियर संभाग की विभिन्न नदियों और बांधों की वर्तमान स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्र के संबंध में तैयार किए गए प्रजेण्टेशन को भी देखा और स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया ने अधिकारियों से कहा है कि प्रत्येक नदी एवं बांध की निरंतर मॉनीटरिंग की जाए। इसके साथ ही मौसम विभाग की सूचनाओं के आधार पर भी आगामी रणनीति बनाई जाए।
 सिंधिया ने कहा है कि ग्वालियर जिले के डबरा एवं भितरवार में जो ग्राम अति वर्षा से प्रभावित हुए हैं वहाँ पर राहत सामग्री के साथ-साथ लोगों को बांस-बल्ली, तिरपाल, रस्सी आदि भी उपलब्ध कराई जाए ताकि वे अस्थायी रूप से अपने रहने की व्यवस्था कर सकें। जिन आवासों को नुकसान हुआ है उन्हें सरकार की ओर से आवास की उपलब्धता की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रभावित व्यक्तियों को हुई क्षति के आंकलन का कार्य भी प्रशासन तत्परता से करे।
संभागीय आयुक्त  आशीष सक्सेना ने ग्वालियर संभाग के विभिन्न जिलों में अति वर्षा से हुए नुकसान और शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर से और संभाग स्तर से भी निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। ग्वालियर और मुरैना जिले से श्योपुर जिले के लिये राहत सामग्री के ट्रक निरंतर भेजे जा रहे हैं। आगे भी जो आवश्यकतायें होंगी उसकी पूर्ति की जायेगी।  
कलेक्टर  कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि भितरवार और डबरा में बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य केन्द्र भी प्रारंभ कर दिए गए हैं। खाद्यान्न की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के द्वारा दिए गए निर्देश के परिपालन में प्रत्येक प्रभावित को 50 – 50 किलो खाद्यान्न नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया है। नुकसान के आंकलन की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
संबल योजना के तीन परिवारों को 4 – 4 लाख की सहायता
    ग्वालियर जिले में मोहना एवं भितरवार क्षेत्र में अति वर्षा के कारण तीन लोगों की मृत्यु हो जाने पर संबल योजना के तहत 4 – 4 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि के चैक वितरित किए। जिन प्रकरणों में सहायता राशि वितरित की गई है उनमें मोहना के  मोनू राठौर और  हेमंत शिवहरे तथा भितरवार क्षेत्र के लच्छी आदिवासी शामिल हैं। इन तीनों की अति वर्षा के कारण मृत्यु हो गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें