ग्वालियर जिले में भी राजस्व महाअभियान 2.0 शुरू

विधायक राठौर एवं कलेक्टर ने घाटीगाँव तहसील में किया अभियान का शुभारंभ 

कलेक्ट्रेट सहित जिले के सभी तहसील कार्यालयों में किया गया महाअभियान का शुभारंभ 

अभियान के तहत समय-सीमा में करें प्रकरणों का निराकरण – कलेक्टर श्रीमती चौहान 

31 अगस्त तक चलेगा महा अभियान

 ग्वालियर / लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों को ठीक करने के लिये ग्वालियर जिले में भी गुरुवार 18 जुलाई को राजस्व महा अभियान - 2.0 शुरू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किया गया यह महाअभियान 31 अगस्त तक जारी रहेगा। विधायक श्री मोहन सिंह राठौर एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने तहसील कार्यालय घाटीगाँव में इस अभियान का शुभारंभ किया। इसी तरह कलेक्ट्रेट सहित जिले के अन्य सभी तहसील कार्यालयों में राजस्व महाअभियान का शुभारंभ करने के लिये कार्यक्रम आयोजित हुए।

घाटीगाँव तहसील में आयोजित हुए कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार एवं एसडीएम घाटीगाँव श्री राजीव समाधिया सहित अन्य राजस्व अधिकारी एवं क्षेत्रीय किसान व भू-स्वामी मौजूद थे। इसी तरह कलेक्ट्रेट में अपर कलेक्टर श्री टी एन सिंह व संयुक्त कलेक्टर श्री संजीव जैन तथा डबरा तहसील कार्यालय में एसडीएम श्री दिव्यांशु चौधरी सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को समय-सीमा में भू-स्वामियों को सेवाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा है कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण पूरी गंभीरता से और समय-सीमा में किया जाए। राज्य शासन द्वारा राजस्व महाअभियान के लिये जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन कर नए राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस में दर्ज कराएँ। पूर्व आदेशों के अनुसार खसरों और नक्शे में अमल सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि राजस्व महाअभियान 2.0 के तहत किसानों और आमजन की सहुलियत के लिये पटवारी और मैदानी अमला मुख्यालय पर रह कर दायित्वों का निर्वहन करें। 

राजस्व महा अभियान में नि:शुल्क समग्र ई-केवायसी और समग्र से खसरे की लिंकेज की सुविधा दी गई है। स्वामित्व योजना में आबादी भूमि के सर्वेक्षण की कार्रवाई पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। अभियान के तहत पीएम किसान योजना के सभी पात्र किसानों को लाभान्वित कराया जायेगा। साथ ही छूटे हुए पात्र हितग्राही योजना से जोड़े जायेंगे। 

प्रकरणों के निराकरण के लिये निर्धारित है समय-सीमा 

राजस्व महाअभियान में अविवादित नामांतरण प्रकरणों का निराकरण 30 दिन में, विवादित नामांतरण प्रकरणों का निराकरण 150 दिन में किया जायेगा। बंटवारा प्रकरणों के निराकरण की समय-सीमा 90 दिन है और सीमांकन प्रकरणों को 45 दिन में निराकृत करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही नक्शे में तरमीम का कार्य सतत् जारी रहेगा। राजस्व महा अभियान 2.0 में 30 जून 2024 की स्थिति में लंबित नामांतरण, बँटवारा, अभिलेख दुरूस्ती और सीमांकन के प्रकरणों में निराकरण का लक्ष्य रखा गया है। 

अभियान के तहत होगा डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण

राजस्व महा अभियान में एक अगस्त से 15 सितंबर 2024 तक फसलों का डिजिटल (क्रॉप) सर्वेक्षण किया जायेगा। किसानों के खेत पर जाकर फसल का फोटो खीचकर जानकारी अद्यतन करने के लिये युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को 25 जुलाई तक प्रशिक्षित किया जाना है। 

वरिष्ठ राजस्व अधिकारी करेंगे राजस्व न्यायालय का निरीक्षण 

राजस्व महा अभियान में संभागायुक्त, कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार मैदानी क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और राजस्व महा अभियान में की जा रही कार्रवाई की मॉनीटरिंग करेंगे। साथ ही राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण भी करेंगे। 

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत तहसील कार्यालय परिसर में रोपे पौधे 

राजस्व महाअभियान का शुभारंभ करने घाटीगाँव पहुँचीं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने तहसील कार्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधे भी रोपे। इस अवसर पर विधायक श्री मोहन सिंह राठौर व अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने भी पौधे रोपे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Featured Post

अब चांदी ही चांदी ,मगर किसकी ?

  आज कोई पोलटिकल या कम्युनल बात नहीं होगी क्योंकि आज का मुद्दा तेजी से उछल रही चांदी है चांदी को रजत भी कहा जाता है।  रजतपट का नाम तो आपने स...